घाघरा में गूंजा जय श्रीराम का जयकारा, मंत्री संजय पासवान ने तीर चलाकर किया रावण का वध
वैष्णवी दुर्गा पूजा मेला कमेटी ने निभाई परंपरा, हजारों की भीड़ के बीच हुआ आतिशबाजी के साथ दहन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
_नितेश सिंह राजपूत_
*बखरी-बेगूसराय।* बखरी प्रखंड क्षेत्र के घाघरा पंचायत में बुधवार की देर संध्या विजयादशमी पर रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। वैष्णवी दुर्गा पूजा मेला कमेटी के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बखरी विधायक सह बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान शामिल हुए।
मंत्री संजय पासवान ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के प्रतीक के रूप में धनुष पर तीर चढ़ाकर रावण के विशाल पुतले का वध किया। तीर लगते ही पुतला धू-धू कर जल उठा, साथ ही मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी खाक हो गए। आतिशबाजी और जय श्रीराम के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा।
*जनता का सेवक बनकर रहूंगा: मंत्री*
इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री संजय पासवान ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें जो प्यार और आशीर्वाद दिया है, वह कभी नहीं भूलेंगे। “मैं आपका भाई, बेटा और सेवक हूं, आपकी सेवा ही मेरी पहली प्राथमिकता है,” उन्होंने कहा।
*पुलिस रही मुस्तैद*
कार्यक्रम के दौरान बखरी थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भीड़ को नियंत्रित कर शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम संपन्न कराया।
मौके पर जिला परिषद सदस्य घनश्याम राय, लोजपा (आर) के जिला उपाध्यक्ष सह विधानसभा प्रभारी अनिल वर्मा, प्रखंड अध्यक्ष पंकज पासवान, शिक्षक संजीत चौधरी,महेंद्र वर्मा, नंदन महतो सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि व समाजसेवी मौजूद रहे।

