13 वर्षीय रुपेश ने बनाया रावण का पुतला, सकरवासा में हुआ रावण दहन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राजेश कुमार,खोदावंदपुर/बेगूसराय। चेरिया बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र की सकरवासा पंचायत के वार्ड दो स्थित मां काली मंदिर परिसर में विजयादशमी के अवसर पर उत्साह के साथ रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी. कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सकरवासा गांव निवासी रमेश शर्मा के 13 वर्षीय पुत्र रुपेश कुमार द्वारा तैयार किया गया रावण का पुतला रहा. कम उम्र में अपनी मेहनत और रचनात्मक प्रतिभा से पुतला तैयार कर रुपेश ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया. लोगों ने उसकी प्रतिभा की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी की सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति रुचि का उदाहरण बताया. रावण दहन के दौरान मां काली मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा. उपस्थित लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश ग्रहण किया. ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से आपसी एकता, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है. आयोजन के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. आयोजन समिति की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था का ध्यान रखा गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.

