संस्कृत कॉलेज खम्हार में ताला तोड़कर लाखों की सामग्री चोरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
खोदावंदपुर/बेगूसराय। बेगूसराय जिले के अखिल भारतीय संस्कृत हिन्दी विद्यापीठ, खम्हार में अज्ञात चोरों ने कॉलेज के मुख्य द्वार और प्रधानाचार्य कक्ष का ताला तोड़कर लाखों रुपये की सामग्री चोरी कर ली. घटना की जानकारी मिलने के बाद महाविद्यालय में हड़कंप मच गया. इस संबंध में महाविद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य ओम प्रिय ने मुफस्सिल थाना पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. मिली जानकारी के अनुसार 20 अक्टूबर को ग्रामीणों ने कार्यकारी प्रधानाचार्य को सूचना दी कि महाविद्यालय के मुख्य द्वार के साथ-साथ प्रधानाचार्य कक्ष का ताला भी टूटा हुआ है. ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को भी दे दी थी. सूचना मिलने पर कार्यकारी प्रधानाचार्य अपने सहकर्मियों के साथ कॉलेज पहुंचे, वहां जांच करने पर कई महत्वपूर्ण उपकरण और अन्य सामग्री गायब मिली. चोरों ने कॉलेज से सौर ऊर्जा प्रणाली की आठ बैट्री, कंप्यूटर डेस्कटॉप, यूपीएस, सीपीयू, लैपटॉप, दो टीवी, निगरानी कैमरे का सेटअप, प्रिंटर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया. इसके अलावा अलमारी में रखे अभिलेख और चाबियां भी गायब मिली.

