श्री श्री वीर कुंवर सिंह मैदान में 51 फीट के रावण का होगा दहन, 21 अक्टूबर को आयोजन
जमशेदपुर: विजयादशमी के अवसर पर श्री श्री वीर कुंवर सिंह मैदान रावण दहन समिति की ओर से इस बार 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। 21 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर समिति की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। रावण दहन के लिए करीब तीन लाख रुपये की लागत से भव्य पुतला तैयार किया जा रहा है।
समिति के संस्थापक कमलेश सिंह ने बताया कि रावण का पुतला बंगाल के कारीगरों द्वारा बनाया जा रहा है। कारीगर पिछले करीब 15 दिनों से लगातार कड़ी मेहनत कर पुतले को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। पुतले की ऊंचाई 51 फीट होगी, जो इस बार के आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा।
उन्होंने बताया कि विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है। आयोजन को लेकर समिति के सदस्य भी सक्रिय हैं। रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा।

