सेंट ज्यूड्स विद्यालय में श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक वैभव के साथ मनाया गया दुर्गा पूजा महोत्सव
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
सेंट ज्यूड्स विद्यालय, फुलवरिया, बरौनी के प्रांगण में दुर्गा पूजा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति, उत्साह एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। माँ दुर्गा की आराधना, भक्तिमय गीतों और विद्यार्थियों की अद्भुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। संपूर्ण वातावरण में आस्था, सकारात्मक ऊर्जा और भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुति उनके निरंतर अभ्यास, समर्पण, रचनात्मकता और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिचायक रही।
विद्यालय के चेयरमैन शंकर कुमार ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएँ हमारी अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं तथा उनमें नैतिकता, साहस, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन-दृष्टि का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक ओम नारायण ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सराहना की।
विद्यालय के एकेडमिक डायरेक्टर राहुल कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति के पौराणिक प्रसंग विद्यार्थियों को जीवन के गहरे मूल्य सिखाते हैं। माँ दुर्गा द्वारा महिषासुर का संहार केवल एक पौराणिक घटना नहीं, बल्कि अन्याय पर न्याय, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का शाश्वत संदेश है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष पांडेय ने विद्यार्थियों की असाधारण प्रस्तुतियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, कि आज अपने विद्यार्थियों को इतनी निष्ठा, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते देखना मेरे लिए अत्यंत गर्व और आनंद का विषय है।
उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता के लिए समर्पित शिक्षकों के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ।

