डांडिया की थाप पर थिरका शेन इंटरनेशनल
*सजी संस्कृति की शाम, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने गरबा-डांडिया में लिया हिस्सा; बेस्ट डांडिया प्रतियोगिता रही आकर्षण*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
शेन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित डांडिया नाइट में रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और गरबा-डांडिया की प्रस्तुतियों ने उत्सव का रंग जमा दिया। शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने मधुर संगीत की धुन पर उत्साहपूर्वक भाग लेकर शाम को यादगार बनाया।
कार्यक्रम का खास आकर्षण बेस्ट डांडिया प्रतियोगिता रही। इसमें प्रतिभागियों के नृत्य कौशल, पारंपरिक वेशभूषा और तालमेल के आधार पर चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या तंद्रिमा बनर्जी ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें सहयोग और एकता की भावना विकसित करते हैं। मुख्य अध्यापिका सिमरन सग्गू ने भी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों की प्रशंसा की।

