डांडिया उत्सव में जा रहे छात्र की ट्रक से कुचलकर मौत
*सरायकेला-राजनगर बाइपास पर हादसा, ट्रक जब्त; संत फ्रांसिस स्कूल में शोक*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला-राजनगर बाइपास मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार एलपीटी ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार छात्र सागर हेंब्रम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक हाड़ी साईं, सरायकेला का निवासी था और संत फ्रांसिस स्कूल का छात्र था। वह स्कूल में आयोजित डांडिया उत्सव में शामिल होने जा रहा था।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त स्कूटी से डांडिया स्टिक बरामद हुई। घटना की खबर से स्कूल प्रबंधन, सहपाठियों और परिजनों में शोक छा गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के कारण मुख्य मार्ग पर जाम लग गया था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

