जीई-2 परीक्षा का परिणाम जल्द जारी करने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चांडिल
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन की सरायकेला-खरसावां जिला कमेटी ने जीई-2 परीक्षा का परिणाम अविलंब जारी करने की मांग की है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सिंहभूम कॉलेज, चांडिल के प्राचार्य के माध्यम से कोल्हान विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपा।
जिला कोषाध्यक्ष राजा प्रामाणिक ने कहा कि परीक्षा हुए करीब दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक परिणाम जारी नहीं किया गया है। बिहार सहित अन्य राज्यों में शिक्षक बहाली के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर निर्धारित है। परिणाम में देरी से छात्र-छात्राएं आवेदन करने के अवसर से वंचित हो सकते हैं।
प्रतिनिधिमंडल में जिला सचिव युधिष्ठिर प्रामाणिक, राहुल महतो, नकुल कुमार, अनिल महतो और सुमित कलंदी सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

