श्रमजीवी महिला समिति सह ग्राम स्वशासन अभियान, डुमरिया ने मनाया राष्ट्रीय महिला किसान दिवस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
श्रमजीवी महिला समिति एवं ग्राम स्वशासन अभियान के तहत डुमरिया प्रखंड के सभी 10 पंचायतों में राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के उपलक्ष्य पर पंचायत स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में सभी पंचायतों से मिलाकर 350 से अधिक महिला किसानों ने भाग लिया। ज्ञात हो कि ग्रामीण कृषि कार्यों में 80 प्रतिशत से ज्यादा कार्य महिलाओं के जिम्मे ही रहता है फिर भी महिलाओं को किसान के रूप में पहचान नहीं मिल पाती है।
कृषि जैसे परोपकारी कार्य में महिलाओं की भूमिका और महत्त्व को सम्मान देना एवं उनको उन्नत किस्म की खेती के लिए प्रेरित करना ही कार्यक्रम का उद्देश्य था। महिलाओं से अपील की गई कि जैव विविधता और प्रकृति संरक्षण एवं संवर्धन में महिला किसानों को आगे आना ही होगा उन्हीं के प्रयास से भविष्य में हम स्वस्थ पर्यावरण को बचाए रख सकते हैं। डुमरिया में धान की खेती के अलावा अन्य प्रकार की खेती बहुत ही कम मात्रा में होती है तो विभिन्न प्रकार की खेती के लिए भी महिलाओं को प्रेरित किया गया। बकरी पालन, मुर्गी पालन, बत्तख पालन आदि को समूहों के माध्यम से शुरू करवाने की सहमति जताई गई। साथ ही साथ महिला किसानों द्वारा अधिकतम संख्या में केसीसी ऋण हेतु आवेदन करने की बात तय हुई। कार्यक्रम के दौरान महिला किसानों के मुद्दों को सबसे बेहतर ढंग से बताने वाली 50 महिलाओं को विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में प्रखंड कृषि पदाधिकारी श्री बिदू भूषण बोदरा,रसोराज महतो एटीएम, पुलक साव किसान मित्र, तानो मार्डी, सुरेश हेंब्रम मुखिया, सुरेंद्र नाथ हेंब्रम मुखिया, मेघराय टुडू मुखिया, अनीता गोप मुखिया, शीला महाकूड़, मिहिर कुमार सरदार पंचायत सचिव बुढ़ान सोरेन ग्राम प्रधान, रोहित मुर्मू पंचायत सचिव, रीमा टुडू वीएलई, सुमि टुडू सेविका, दानगी मुर्मू डालसा प्रखंड लीगल एडवाइजर आदि विभिन्न पंचायतों में उपस्थित हुएं। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम स्वशासन अभियान के परियोजना समन्वयक किशन नायर के साथ उनकी पूरी टीम का मुख्य योगदान रहा।

