दुर्गापूजा में निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी पूरी, नहीं होगी लोड शेडिंग अजीत कुमार विद्युत G M
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: दुर्गापूजा के दौरान शहर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। त्योहार के दौरान बिजली व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए फीडरों का मेंटेनेंस, आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था और ट्रॉली ट्रांसफार्मर की उपलब्धता समेत सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए गए हैं।
अजीत कुमार ने बताया कि पूजा के दौरान उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। इसके लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर भी तैयार रखे गए हैं, ताकि किसी क्षेत्र में तकनीकी खराबी आने पर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। अधिकारी के अनुसार, त्योहार के दौरान लोड शेडिंग की समस्या नहीं होने दी जाएगी।
बिजली आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा आने पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। सभी को अपने कार्यालय या कंट्रोल रूम में नियमित रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है। साथ ही, उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर भी जारी कर दिए गए हैं। विभाग का लक्ष्य दुर्गापूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है, ताकि श्रद्धालुओं और पूजा समितियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

