हरहरगुटु में एटीएम क्षतिग्रस्त करते युवक को पुलिस ने पकड़ा, लोहे की रॉड बरामद

राष्ट्र सवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुटु स्थित जेपी रोड पर बुधवार देर रात करीब 12:05 बजे एटीएम को क्षतिग्रस्त करते एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। वह फिंडी (FINDI) एटीएम को लोहे की रॉड से नुकसान पहुंचा रहा था। पुलिस ने उसके पास से लोहे की रॉड बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना पता शिवमंदिर, हरहरगुटु के पीछे, थाना बागबेड़ा बताया है। प्रारंभिक जांच में वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हुआ है। घटना की सूचना एटीएम फ्रेंचाइजी को दे दी गई है और संबंधित प्रतिनिधि को मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। एटीएम को हुए नुकसान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

