अमित शाह का राहुल गांधी पर पलटवार, बोले 2029 में भी मोदी के नेतृत्व में जीतेगा NDA
SIR पर सवाल उठाने के बजाय आत्ममंथन करें राहुल गांधी : शाह
एजेंसी
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने SIR को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्हें आत्ममंथन करने की नसीहत दी। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को SIR से जोड़ने के बजाय कांग्रेस को अपनी चुनावी हार के कारणों पर विचार करना चाहिए।
गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों का हवाला देते हुए शाह ने कहा कि चुनावी नतीजे ही किसी नेता और पार्टी की लोकप्रियता का वास्तविक पैमाना हैं। उन्होंने कांग्रेस की लंबे समय से जारी चुनावी हार का जिक्र करते हुए दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में भी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए जीत हासिल करेंगे।
शाह ने कहा कि सोशल मीडिया पर चलने वाले अभियान और विरोध-प्रदर्शन जमीनी चुनावी हकीकत नहीं बदल सकते। उनके इस बयान से SIR को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत हैं।

