टाटा स्टील की डिजिटल पहल श्रम लाभ से ठेका कर्मचारियों को मिलेगी वेतन, ईपीएफ और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ठेका कर्मचारियों को रोजगार संबंधी जानकारी और कल्याणकारी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराने के लिए टाटा स्टील ने ‘श्रम लाभ’ नामक डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया है। इसका औपचारिक शुभारंभ 1 अक्टूबर 2026 को कंपनी के सीईओ एवं एमडी टी. वी. नरेंद्रन ने किया।
टाटा स्टील जमशेदपुर के कॉन्ट्रैक्टर सेल ने चीफ एचआरबीपी यशवंत कुमार पांडेय के नेतृत्व में इस प्लेटफॉर्म को विकसित किया है। हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध इस सुविधा का उपयोग कर्मचारी अपने यूनिक सेफ्टी पास नंबर के माध्यम से कर सकेंगे।
प्लेटफॉर्म पर वेतन पर्ची, न्यूनतम वेतन, ईपीएफ-ईएसआईसी, कानूनी अधिकारों, सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और शिकायत निवारण से संबंधित जानकारी मिलेगी। इसके अलावा, हकदर्शक के माध्यम से पात्र सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा YourDOST के जरिए भावनात्मक परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
कर्मचारियों को प्लेटफॉर्म की जानकारी देने के लिए ‘श्रम शक्ति: डिजिटल पहल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डिप्टी लेबर कमिश्नर अरविंद कुमार और वीपी ऑपरेशंस, टीएसजे चैतन्य भानु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लाइव डेमो और जागरूकता सत्रों के जरिए कर्मचारियों को डिजिटल सुविधाओं के उपयोग की जानकारी दी गई।
टाटा स्टील के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ठेका कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाना, पारदर्शिता सुनिश्चित करना और रोजगार से जुड़ी जरूरी सुविधाओं तक उनकी पहुंच आसान बनाना है।

