शेन इंटरनेशनल में दिखे मां दुर्गा के नौ रूप*
*मंत्रोच्चार, भक्तिगीत और शिक्षिकाओं के नृत्य से भक्तिमय हुआ विद्यालय परिसर, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
शेन इंटरनेशनल स्कूल में दुर्गापूजा उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मां दुर्गा के नौ रूपों की महिमा को प्रस्तुत करते हुए भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई। समारोह के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र श्लोकों के मंत्रोच्चार से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने मां दुर्गा को समर्पित भक्तिगीत, मनमोहक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह का विशेष आकर्षण शिक्षिकाओं की नृत्य प्रस्तुति रही, जिसे दर्शकों ने सराहा।
विद्यालय की प्राचार्या तन्द्रिमा बनर्जी ने कहा कि दुर्गापूजा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। मुख्य अध्यापिका सिमरन सग्गू ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं दीं।

