जमशेदपुर के पर्यटन स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण, ग्रामीण बनेंगे पर्यटन मित्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला पर्यटन संवर्धन परिषद की बैठक में जिले के पर्यटन स्थलों के विकास और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा हुई। बैठक में विधायक सरयू राय, मंगल कालिंदी एवं संजीव सरदार के प्रतिनिधियों सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।
तेंतुलडुंगरी, बुरूडीह डैम, फुलडुंगरी और छोटाबांकी डैम के सौंदर्यीकरण तथा पर्यटन सुविधाओं के विकास पर जोर दिया गया। मुसाबनी के कंपनी बड़ा तालाब और घाटशिला के पांच पाण्डव शिला में शौचालय, बैठने की व्यवस्था एवं गजीबो विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बुरूडीह डैम में नौका परिचालन और होटल निर्माण के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने का निर्णय लिया गया।
उपायुक्त ने पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई और बेहतर प्रबंधन के लिए स्थानीय ग्रामीणों को पर्यटन मित्र के रूप में चिह्नित करने का निर्देश दिया। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एडवेंचर कैंप, कल्चरल फूड फेस्टिवल और पर्यटन दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।

