पोटका विधायक संजीव सरदार ने अभियंताओं से मारपीट के आरोप को किया खारिज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। सुंदरनगर के पुड़ीहासा सैनिक कॉलोनी में खरकई दायीं मुख्य नहर की यूजीपीएल योजना के तहत बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। विधायक संजीव सरदार ने अभियंताओं से मारपीट के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीणों की शिकायत पर केवल सवाल-जवाब किया और नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
विधायक ने बैठक में अभियंताओं से पूछा कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में निर्माण से पहले ग्रामसभा की अनुमति ली गई थी या नहीं। अभियंताओं ने अनुमति नहीं लेने की बात स्वीकार की। विधायक ने शिलान्यास और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को सूचना देने के संबंध में भी सवाल उठाए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बाउंड्रीवाल के कारण वर्षों से इस्तेमाल हो रहा रास्ता प्रभावित हो रहा है और कुछ लोगों से पैसे लेकर रास्ता छोड़ने की शिकायत भी की। विधायक ने सभी प्रभावित परिवारों के लिए समान व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही।
वहीं, ग्रामीणों ने भी विधायक का समर्थन करते हुए मारपीट की घटना से इनकार किया। उन्होंने कहा कि विधायक ने अभियंताओं को केवल फटकार लगाई और ग्रामीणों की समस्या का समाधान करने को कहा।

