हिमाचली शिव मंदिर की स्थापत्य कला में सजा प्रवीण सिंह सेवा संस्थान का पंडाल
*बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया उद्घाटन, बोलीं: दुर्गोत्सव भारतीय संस्कृति, शक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक*
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर
हिमाचल प्रदेश के प्राचीन शिव मंदिर की स्थापत्य शैली और पश्चिम बंगाल के कारीगरों की कलात्मक दक्षता, इन दोनों के संगम से आदित्यपुर में दुर्गापूजा का भव्य पंडाल तैयार किया गया है। प्रवीण सिंह सेवा संस्थान की ओर से निर्मित इस आकर्षक पंडाल का बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र में दुर्गोत्सव की रौनक और बढ़ गई।
पंडाल को हिमाचल प्रदेश के प्राचीन शिव मंदिर की वास्तुशैली पर आधारित स्वरूप दिया गया है। पश्चिम बंगाल से आए कुशल कारीगरों ने अपनी मेहनत, हुनर और रचनात्मकता से इसे आकर्षक रूप प्रदान किया है। पंडाल की थीम भारतीय स्थापत्य परंपरा और शिल्पकला की समृद्ध विरासत को सामने लाती है।
उद्घाटन समारोह में श्रेयसी सिंह ने कहा कि दुर्गापूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, शक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, प्रगति और खुशहाली की कामना की।
खेल मंत्री ने युवाओं को खेलकूद के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में दिखाई देने वाली कलाकारी कारीगरों की मेहनत और रचनात्मकता के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करती है।

