मां भवानी यूथ क्लब की भव्य कलश यात्रा, दुर्गापूजा महोत्सव शुरू
*श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ लिया हिस्सा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
हरिओमनगर, आदित्यपुर स्थित मां भवानी यूथ क्लब दुर्गापूजा समिति की ओर से कलश स्थापना के पावन अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत न्यू एलआईजी हाउसिंग कॉलोनी स्थित एलएफ दुर्गापूजा मैदान से हुई और श्रद्धालु नागीनापुरी स्थित चित्रकूट घाट तक पहुंचे। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा के दौरान महिलाओं, युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह दिखा। पूरे मार्ग में मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कलश स्थापना के साथ ही समिति के दुर्गापूजा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।
समिति की ओर से तैयार किया जा रहा भव्य हांडी पंडाल इस बार श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। पंडाल निर्माण कार्य समिति के अध्यक्ष अंबुज कुमार, चेयरमैन हरेंद्र तिवारी और महासचिव सुभाष चंद्र बोस के मार्गदर्शन में कराया जा रहा है। आयोजन में वीरेंद्र यादव, प्रभु यादव, प्रवीण पांडेय, उज्ज्वल कुमार, पंकज स्वर्णकार, सिद्धेश्वर उपाध्याय, द्वारा सिंह, गोपाल सिंह, विनोद सिंह, रामाशंकर पांडेय एवं रंजीत कुमार सहित अन्य सदस्य सहयोग कर रहे हैं।
समिति का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को बनाए रखने के साथ समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सांस्कृतिक सद्भाव को मजबूत करना है। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताया तथा सभी से दुर्गापूजा महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

