बखरी में लंपी वायरस की दस्तक से पशुपालकों में चिंता,12 से शुरू होगा टीकाकरण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नितेश सिंह राजपूत
*बखरी (बेगूसराय)।* बखरी प्रखंड क्षेत्र में लंपी स्किन डिजीज (LSD) का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। गंगरहो गांव में एक साल की बछिया में संक्रमण की लक्षण सदृश्य देखा गया।के बाद पशुपालकों में दहशत है। गंगरहो गांव निवासी राजीव कुमार सिंह पिता पन्ना लाल सिंह की बछिया के पूरे शरीर पर गांठें निकल आई हैं और तेज बुखार है। वही गंगरहो गांव के ही राजीव महतो पिता कपिल महतो के गाय को इस तरह की लक्षण देखा गया है!
मामले की जानकारी पर भ्रमणशील पशु चिकित्सक डॉ. रुस्तम कुमार रौशन ने मौके पर पहुंचकर जांच की और इसे लंपी वायरस बताया। उन्होंने कहा कि यह मक्खी-मच्छर से फैलने वाला वायरल संक्रमण है और प्रखंड के कई गांवों से ऐसे लक्षण मिल रहे हैं।
डॉ. रौशन ने बताया कि इस बीमारी में पशु को तेज बुखार, सुस्ती, चारा छोड़ना, शरीर पर 2 से 5 सेमी की कठोर गांठें और दूध कम होने जैसे लक्षण दिखते हैं। गांठें फूटने पर घाव बन जाता है।
उन्होंने पशुपालकों को सलाह दी कि लक्षण दिखते ही बीमार पशु को स्वस्थ पशुओं से अलग कर दें। घाव पर मक्खी न बैठे, इसके लिए नारियल तेल में कपूर मिलाकर लगाएं। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए तुलसी, नीम, गिलोय, हल्दी, पीपल और बबूल का काढ़ा पिलाना लाभदायक है।
डॉ. रौशन ने जोर देकर कहा कि बचाव का एकमात्र उपाय टीकाकरण है। 12 अक्टूबर से बखरी प्रखंड में लंपी का टीकाकरण अभियान शुरू हो रहा है। सभी पशुपालक अपने पशुओं का अनिवार्य रूप से टीका लगवाएं। लक्षण दिखने पर तुरंत बखरी पशु अस्पताल से संपर्क करें।

