ओल्ड बाराद्वारी में युवक पर फायरिंग, दो गोलियां लगने से घायल
विवाद के बाद घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था राजा, स्कूटी सवार दो युवकों ने चलाई चार राउंड गोली
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड बाराद्वारी में देर रात गोलीबारी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। मोहम्मद राजा नामक युवक को निशाना बनाकर चार राउंड फायरिंग की गई। इस दौरान दो गोलियां राजा को लगीं, जिससे वह घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल राजा के अनुसार, साकची निवासी इस्माइलु और काशीडीह निवासी कुट्टू से किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ था। राजा का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने उसके साथ मारपीट भी की। किसी तरह वहां से निकलकर वह अपने घर पहुंचा।
राजा ने पुलिस को बताया कि देर रात वह अपने घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

