नाटक के मंच से ग्राम सभा की सत्ता तक, छात्राओं ने दिखाई नेतृत्व क्षमता
*अपनी प्रतिभा पहचानें, लक्ष्य तय कर बढ़ें आगे : संजीव सरदार*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
लोकतंत्र की बुनियाद ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को जब छात्राओं ने नाटक के मंच पर जीवंत किया, तो उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सबका ध्यान खींचा। गुरुवार को पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पोटका में शिक्षा विभाग पूर्वी सिंहभूम, पिरामल फाउंडेशन और पंचायती राज विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मॉडल युवा ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की छात्राओं ने ग्राम सभा की प्रक्रिया, महत्व और गतिविधियों का प्रभावशाली मंचन किया।
मुख्य अतिथि विधायक संजीव सरदार ने कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्राओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। इसका श्रेय विद्यालय की वार्डन और शिक्षिकाओं को भी जाता है, जो पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों के लिए उन्हें प्रोत्साहित कर रही हैं।
*ग्राम सभा से गांव तक पहुंचे जागरूकता का संदेश*
विधायक ने छात्राओं से कहा कि ग्राम सभा गांव के विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। छात्राएं इसकी कार्यप्रणाली को समझकर अपने घर और गांव में लोगों को जागरूक करें। उन्होंने अपनी प्रतिभा पहचानने, लक्ष्य निर्धारित करने और निरंतर मेहनत से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
विद्यालय की वार्डन रुमा हालदार ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक भागीदारी और सामुदायिक समस्याओं के समाधान की समझ विकसित करना है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक डोबो चाकिया ने किया। मौके पर मुखिया सावित्री हांसदा, ग्राम प्रधान सुरजीत सरदार, पर्यवेक्षक जयश्री बोयपाई, अक्षत रिशु, शंकर हेंब्रम, रामचंद्र मार्डी, शिक्षिका ज्योति सागर, वीणा धनवार, मोहन सोरेन सहित अन्य उपस्थित थे।

