चार घरों की खुशियां छिनीं, एक हादसा छोड़ गया कई सवाल
देवानंद सिंह
जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर हुआ भीषण सड़क हादसा पूरे झारखंड को गहरे शोक में डुबो गया है। एक ही हादसे में चार युवाओं सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह की जिंदगी अचानक थम गई। इनमें राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं।
यह सिर्फ चार परिवारों की निजी त्रासदी नहीं है। जब किसी घर का जवान बेटा या बेटी अचानक चला जाता है, तो उस घर की दुनिया ही बदल जाती है। माता-पिता, भाई-बहन, रिश्तेदार और मित्रों के लिए इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं।
दुःख की इस घड़ी में झारखंड ने संवेदना और मानवीय एकजुटता की तस्वीर भी देखी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ मंत्री आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की। मंत्री इरफान अंसारी भी बार-बार मंत्री आवास पहुंचकर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते रहे।
दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी इस दुःख में परिवार के साथ अपनी संवेदना साझा की। विधायक सरयू राय, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, मेयर सुधा गुप्ता, प्रदीप बालमुचू, केशव प्रसाद कमलेश, बाबूलाल मरांडी सहित अनेक नेताओं ने घटना पर दुःख जताया। यह दृश्य बताता है कि कुछ पीड़ाएं ऐसी होती हैं, जिनके सामने राजनीतिक मतभेद पीछे छूट जाते हैं और इंसानियत सबसे आगे होती है।
इस हादसे के बाद कई सवाल भी हमारे सामने हैं। रात के समय वाहन चलाते हुए अतिरिक्त सावधानी कितनी जरूरी है? सड़क पर खराब होकर खड़े वाहनों के लिए पर्याप्त सुरक्षा संकेत कितने प्रभावी हैं? तेज रफ्तार और रात्रिकालीन यातायात को लेकर युवाओं तथा वाहन चालकों में जागरूकता कैसे बढ़ाई जा सकती है?
इन सवालों का उद्देश्य किसी व्यक्ति या परिवार को जिम्मेदार ठहराना नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के रास्ते तलाशना होना चाहिए। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच संबंधित एजेंसियों का विषय है। लेकिन हर ऐसी घटना हमें सड़क सुरक्षा को लेकर अपनी सामूहिक जिम्मेदारी जरूर याद दिलाती है।
आज के दौर में बच्चों और युवाओं की अपनी दुनिया है। दोस्त, पढ़ाई, घूमना-फिरना और साथ समय बिताना उनके जीवन का हिस्सा है। अभिभावकों की भूमिका बच्चों की स्वतंत्रता को समझते हुए उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की है। इसके लिए सबसे जरूरी है—बच्चों और माता-पिता के बीच खुला संवाद और भरोसा।
बच्चों को यह महसूस होना चाहिए कि माता-पिता की चिंता उनकी स्वतंत्रता पर रोक नहीं, बल्कि उनके प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का हिस्सा है। वहीं युवाओं को भी यह समझना होगा कि सड़क पर कुछ क्षणों की असावधानी जिंदगी भर का दुःख बन सकती है।
मरीन ड्राइव का यह हादसा चार परिवारों को कभी न भरने वाला दुःख दे गया है। हम उनके दर्द को पूरी तरह महसूस नहीं कर सकते, लेकिन उनके साथ खड़े जरूर हो सकते हैं।
अब जरूरत है कि यह घटना केवल एक दुखद समाचार बनकर न रह जाए। इससे सड़क सुरक्षा, जिम्मेदार ड्राइविंग, रात्रिकालीन यातायात और परिवारों के बीच संवाद को लेकर सकारात्मक जागरूकता पैदा हो।
चार युवा चेहरे अब हमारे बीच नहीं हैं। उनकी स्मृति में इससे बड़ी श्रद्धांजलि शायद यही होगी कि हम अपनी सड़कों को सुरक्षित बनाने और आने वाली पीढ़ी को अधिक सजग बनाने के लिए मिलकर प्रयास करें।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

