लेखक: इंद्र यादव
उल्हासनगर में दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए बदमाशों को ठाणे क्राइम ब्रांच ने महज २४ घंटे में धर दबोचा।
कुछ लोगों को लगता है कि दिन के उजाले में लाठी-डंडा लेकर पैसा छीन लेना बहुत बड़ी बहादुरी है। पर ठाणे क्राइम ब्रांच ने साबित कर दिया कि ऐसी “बहादुरी” का नतीजा सिर्फ जेल की हवा खाने में निकलता है।
१५ सितंबर दोपहर करीब सवा एक बजे की बात है। उल्हासनगर के क्रांति फूड एजेंसी के दो कर्मचारी करीब ४० लाख रुपये बैंक ऑफ बड़ौदा, कल्याण पश्चिम शाखा में जमा कराने जा रहे थे। सहानंद चौक से लालचौकी की तरफ साइकिल-स्कूटी पर जा रहे थे कि पीछे से दो मोटरसाइकिल सवार “हीरो” आ गए। लाठी-डंडे से मारपीट की, बैग छीन ली और भाग खड़े हुए। मानो किसी फिल्म का सीन फिल्मा रहे हों!
पर फिल्म तो सिर्फ पर्दे पर चलती है। असल ज़िंदगी में पुलिस का कैमरा और दिमाग दोनों बहुत तेज़ चलते हैं। बाजारपेठ पुलिस स्टेशन में तुरंत गुनाह दर्ज हुआ। फिर क्राइम ब्रांच की टीम ने जैसे ही झंडा फहराया, आरोपियों की किस्मत का सूरज डूबने लगा।
तकनीकी विश्लेषण, गुप्त सूचनाएं, दिन-रात की मेहनत… और देखो कमाल! घटना के ठीक २४ घंटे के अंदर छहों आरोपी हत्थे चढ़ गए। उनके पास से लगभग ३६ लाख ४८ हजार रुपये का मुददेमाल और घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें भी बरामद हो गईं। यानी लूटा हुआ पैसा भी वापस और वाहन भी। पूरा “सेट” ही हाथ लग गया!
दिनदहाड़े लूट के आरोपियों का पूरा ब्योरा
गिरफ्तार आरोपी ये हैं: समीर अख्तर शेख (२८) – कल्याण पूर्व का रहने वाला
आफताब असलम खान (२५) – महागिरी कोळीवाडा, ठाणे
शाहनवाज गफ्फार हसन अंसारी (३६) – अंबरनाथ वाला
सोहेल युनुस शेख (२४) – भिवंडी का
मुजाहिद अनवर खान (२४) – रबोडी, ठाणे पश्चिम
और सबसे छोटा शाहीद इसाक शेख (१९) – जो अभी भी “बड़ा आदमी” बनने का सपना देख रहा होगा
इन सबको २२ सितंबर तक पुलिस कस्टडी में रिमांड पर लिया गया है। अब इन्हें जेल की सैर का मज़ा लेने का मौका मिलेगा।
ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुबेरे, पंजाबराव उगले, अमरसिंह जाधव, शेखर बागडे और गुन्हे शाखे के पूरे स्टाफ की मेहनत का नतीजा है यह तेज़ कार्रवाई। महिला पुलिस अमलदार मंगल गावित समेत पूरी टीम ने दिखा दिया कि अपराधियों के लिए ठाणे कोई खेल का मैदान नहीं है।
दिनदहाड़े लूट करने का शौक हो तो पहले सोच लो… पुलिस भी उतनी ही तेज़ दौड़ती है जितनी तुम्हारी मोटरसाइकिल! मुंबई पुलिस

