ब्रह्मर्षि विकास मंच ने शोकसभा आयोजित कर श्याम सुंदर प्रसाद सिंह को दी श्रद्धांजलि
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ॐ ब्रह्मर्षि विकास मंच, एमजीएम मानगो की ओर से मंच के सदस्यों ने अपने अभिभावक एवं समाजसेवी स्व. श्याम सुंदर प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए शोकसभा का आयोजन किया। इस दौरान सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पगुच्छ अर्पित किए।
मंच के अध्यक्ष धनंजय राय ने कहा कि श्याम सुंदर प्रसाद सिंह का निधन ब्रह्मर्षि समाज के साथ-साथ सामाजिक एवं ट्रांसपोर्ट जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके सामाजिक योगदान और संगठन के प्रति समर्पण को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
मंच के महासचिव विकाश चंद्र ने कहा कि श्याम सुंदर बाबू कर्मठ, सहज-सुलभ, अनुशासित और समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उनके व्यवहार में सहजता, कर्मनिष्ठा और समानता का भाव था। वे अपने आचरण, आत्मीयता और समाजसेवा के कारण लोगों के बीच विशिष्ट पहचान रखते थे।
उन्होंने कहा कि उनका निधन समाज की संस्कार और सेवा परंपरा की एक उज्ज्वल कड़ी का अवसान है। उनके संस्कार, सीख और स्नेह समाज को सदैव प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोकसभा में राय शशि भूषण शर्मा, रामुदगर सिंह, राजीव सिंह, पप्पू सिंह, प्रमोद कुमार, कौशल कुमार, कौशल किशोर, रामेश्वर सिंह, राकेश साही सहित मंच के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने स्व. श्याम सुंदर प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

