श्याम सुंदर बाबू को ब्रह्मर्षि विकास मंच ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
सभा में उनके सामाजिक योगदान को किया गया याद, बताए मार्ग पर चलने और अधूरे कार्यों को पूरा करने का लिया संकल्प
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ब्रह्मर्षि विकास मंच की ओर से श्रद्धेय श्याम सुंदर बाबू की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित सदस्यों ने उनके सामाजिक योगदान, कर्मठता, अनुशासन, सहज व्यवहार और समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं ने कहा कि श्याम सुंदर बाबू ब्रह्मर्षि विकास मंच के एक आधार स्तंभ थे। वे समाज के लिए सहज-सुलभ उपलब्ध रहते थे और अपनी बातों के धनी एवं समाज के प्रति समर्पित व्यक्ति थे। उनके व्यक्तित्व में अनुशासन की दृढ़ता, कर्मनिष्ठा की ऊष्मा, व्यवहार में सहजता और मन में समानता का आग्रह था। उनकी पहचान किसी पद या दायित्व से अधिक उनके आचरण और आत्मीयता से थी।
सभा में कहा गया कि उनका देवलोकगमन ब्रह्मर्षि विकास मंच के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी स्मृतियां, संस्कार, सीख और स्नेह सदैव समाज के बीच जीवित रहेंगे। उनका जाना केवल एक व्यक्ति का अवसान नहीं, बल्कि संस्कार और सामाजिक मूल्यों की परंपरा की एक उज्ज्वल कड़ी का विलग होना है।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से विकास सिंह, राज किशोर सिंह, सत्येन्द्र कुमार, जय कुमार, दीपू सिंह, अनिल ठाकुर, उमानाथ सिंह, जे. पी. सिंह, चन्द्रशेखर सिंह, प्रमोद सिंह, बिनोद सिंह, राम कृपाल सिंह, संदेश चौधरी, मनीष कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने स्व. श्याम सुंदर बाबू के साथ बिताए समय, उनके सामाजिक योगदान और पारिवारिक जीवन से जुड़ी स्मृतियों को साझा किया।
अंत में सभी ब्रह्मर्षि भाइयों ने संकल्प लिया कि वे श्याम सुंदर बाबू के बताए मार्ग पर चलेंगे तथा उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगे। श्रद्धांजलि सभा का संचालन कौशल किशोर सिंह ने किया।
सभा के अंत में श्रद्धेय श्याम सुंदर बाबू को अश्रुपूरित एवं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

