रांची में मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का भूमि पूजन, अगले वर्ष अस्पताल शुरू करने का लक्ष्य
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। झारखंड में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार की दिशा में एक नई पहल की गई है। गुरुवार को रांची-टाटा मार्ग पर मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के निर्माण को लेकर भूमि पूजन समारोह आयोजित हुआ। समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, झारखंड विधानसभा सदस्य राजेश कच्छप समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मदन मोहन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की स्थापना सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति की एक इकाई के रूप में की जा रही है। समूह के चेयरमैन मदन मोहन सिंह के निर्देशन में प्रस्तावित परियोजना के तहत रांची में आधुनिक अस्पताल के साथ मेडिकल कॉलेज विकसित करने की योजना है।

समूह पहले से झारखंड और बिहार में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों का संचालन कर रहा है। जमशेदपुर में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी, जबकि पटना में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, इंजीनियरिंग कॉलेज और डिप्लोमा कॉलेज संचालित हैं। इसके अलावा आदित्यपुर में भी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल संचालित किया जा रहा है।
प्रबंधन के अनुसार, निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए अगले वर्ष अस्पताल को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। अस्पताल के संचालन से रांची और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। वहीं, मेडिकल कॉलेज का संचालन आवश्यक वैधानिक एवं नियामकीय स्वीकृतियां और निर्धारित मानक पूरे होने के बाद किया जाएगा।
भूमि पूजन के साथ परियोजना के पहले चरण की शुरुआत हो गई है। प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि यह संस्थान रांची में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ भविष्य में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

