दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की बैठक, 12 सितंबर की आमसभा की तैयारियों पर बनी रूपरेखा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 10 सितंबर। जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की आगामी आमसभा की तैयारियों को लेकर भालूबासा स्थित मिस्टी इन होटल में पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में 12 सितंबर को टाउन हॉल में होने वाली आमसभा की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
आमसभा में दुर्गा पूजा एवं विसर्जन की तिथि और समय तय करने के साथ पूजा समितियों की समस्याओं, आवश्यक व्यवस्थाओं और प्रशासन के साथ समन्वय पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष जमशेदपुर में 6 नए स्थानों सहित कुल 351 स्थानों पर दुर्गा पूजा आयोजित होगी।
समिति के अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता, महामंत्री आशुतोष सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष अशोक सिंह, गौतम प्रसाद, संरक्षक भीष्म सिंह सहित विभिन्न जोन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक पूजा समितियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित पूजा आयोजन के लिए बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

