जमशेदपुर में तीन अफगानी नागरिकों के मतदाता सूची में नाम मिलने का मामला उजागर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में तीन अफगानी नागरिकों के नाम मिलने का मामला सामने आया है। अनुमंडल पदाधिकारी अर्नब मिश्रा के अनुसार, आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के दस्तावेजों में विसंगति मिलने के बाद नोटिस जारी किया गया। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पासपोर्ट की जांच में उनके अफगानिस्तान का नागरिक होने की पुष्टि हुई।

तीनों के नाम मतदान केंद्र संख्या 286 की सूची में क्रम संख्या 30, 31 और 33 पर दर्ज थे। निर्वाचन विभाग अब यह जांच कर रहा है कि उनके नाम मतदाता सूची में कैसे शामिल हुए और इसमें किसकी भूमिका थी। दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि ऐसे मामले पूरे राज्य में होने की बात सामने आ रही है और इसकी व्यापक जांच होनी चाहिए।

