दीक्षांत समारोह में राज्यपाल का संदेश, कहा- डिग्री के साथ चरित्र और संस्कार भी जरूरी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने छात्राओं को डिग्री के साथ चरित्र, संस्कार और नैतिक मूल्यों को जीवन में बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह शैक्षणिक यात्रा की समाप्ति नहीं, बल्कि नए जीवन की शुरुआत का प्रतीक है। समारोह में विश्वविद्यालय की 1,990 छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं।
राज्यपाल ने छात्राओं से शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, प्रशासन, उद्योग, खेल और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि असफलताओं से निराश हुए बिना निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और ‘विकसित भारत 2047’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटियां देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस अवसर पर सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी, कुलपति प्रो. इला कुमार, कुलसचिव डॉ. सलोनी कुजूर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

