जमशेदपुर में डेंगू की रोकथाम के लिए अगले 25 दिन अहम, सामूहिक सतर्कता पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एक ही परिवार के दो सदस्यों में डेंगू की पुष्टि और घर के आसपास एडीज मच्छरों के प्रजनन स्थल मिलने के बाद डेंगू की रोकथाम को लेकर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। परिवार के सदस्यों का कोई यात्रा इतिहास नहीं होना स्थानीय स्तर पर संक्रमण की संभावना की ओर संकेत करता है।
डेंगू से बचाव के लिए नागरिकों से घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की गई है। कूलर, गमले, टायर, कबाड़ और अन्य छोटे जलस्रोतों की नियमित सफाई जरूरी है। प्रत्येक परिवार सप्ताह में कम-से-कम एक बार ‘ड्राई डे–पलटी मार’ अभियान के तहत संभावित प्रजनन स्थलों की जांच और सफाई करे।
अगले लगभग 25 दिन डेंगू की रोकथाम के लिहाज से महत्वपूर्ण बताए जा रहे हैं। प्रशासन के प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी से संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिल सकती है। जहां पानी जमा हो, उसे खाली करें या ढककर रखें। डर नहीं, सावधानी अपनाएं।

