राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनतई की एक घटना के बाद आरोपी युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना जुडियो मॉल के समीप की बताई जा रही है, जहां मोबाइल छीनकर बाइक से फरार हो रहा युवक दुर्घटना का शिकार हो गया।
जानकारी के अनुसार बाइक संख्या जेएच05बीक्यू 8893 पर सवार युवक श्रीडुंगरी इलाके के पास एक व्यक्ति का मोबाइल छीनकर तेजी से भाग रहा था। इसी दौरान जुडियो मॉल के निकट उसने सड़क पर जा रहे एक राहगीर को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक बाइक समेत अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा और घायल हो गया।
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल युवक को पकड़ लिया। इस दौरान लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पकड़ा गया युवक नशे का आदी है और घटना के समय भी कथित रूप से नशे की हालत में था। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और मोबाइल छिनतई की घटना के साथ-साथ पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या उसने वारदात को अकेले अंजाम दिया था।

