*रक्तदान शिविर में भागीदारी की अपील, समाज की एकजुटता पर दिया जोर*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
मिथिला भाषा-भाषियों को एकजुट कर समाज के विकास एवं हक-अधिकार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मेघराज स्मृति भवन में मिथिला दलान कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें आदित्यपुर, गम्हरिया, सरायकेला समेत विभिन्न क्षेत्रों के मैथिल समाज के लोगों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि मिथिला संस्कृति परिषद के अध्यक्ष आकाश चंद्र मिश्र ने कहा कि भारत ही नहीं, विश्व के निर्माण में भी मिथिला के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शिक्षा, संस्कृति, धर्म और सहनशीलता के क्षेत्र में मिथिला की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के साथ लोगों के हक और अधिकार की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए समाज को संगठित और मजबूत बनाना जरूरी है।
परिषद के महासचिव शिवचंद्र झा और कोषाध्यक्ष गोपाल चंद्र झा ने बताया कि 20 सितंबर को मिथिला संस्कृति परिषद, गोलमुरी की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शिविर को सफल बनाने की अपील की।
अध्यक्षता गम्हरिया क्षेत्र के निर्वाचित सदस्य सुरेश कुमार झा ने की और रक्तदान शिविर के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। संचालन वरिष्ठ सदस्य नवल नारायण चौधरी ने किया। इससे पूर्व अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मौके पर शंकर कुमार, अखिलेश, आनंद, कैलाश झा, अश्विनी ठाकुर, दिलीप मिश्रा, पीतांबर ठाकुर समेत कई लोग मौजूद थे।

