*राधा-कृष्ण समेत पौराणिक पात्रों के रूप में बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
विद्या भारती उच्च विद्यालय, बलरामपुर में जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जिप सदस्य पिंकी मंडल, विशिष्ट अतिथि जगन्नाथपुर पंचायत की उप मुखिया रिंकू देवी, विद्यालय अध्यक्ष सुधांशु सरकार, सचिव हिमांशु सरकार और प्रधानाचार्य कुणाल कुमार ने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
एलकेजी से कक्षा दो तक के बच्चों ने नृत्य और फैन्सी ड्रेस के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चे राधा, कृष्ण, बलराम, देवकी, वासुदेव, कंस और सुदामा आदि के रूप में सजे नजर आए। प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
एलकेजी में दक्ष महतो प्रथम, गणेश गोप द्वितीय और मनमोहन महतो तृतीय रहे। कक्षा एक में आयुष पाल प्रथम, आरोही हांसदा द्वितीय और मनको मार्डी तृतीय तथा कक्षा दो में आशीष बेसरा प्रथम, कृष् यादव द्वितीय और अतुल मंडल तृतीय रहे। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
मुख्य अतिथि पिंकी मंडल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों को शुभकामनाएं दीं और विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की प्रशंसा की। मौके पर को-ऑर्डिनेटर राधा पाल, निवेदिता चटर्जी समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

