सूर्य मंदिर समिति के तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया शुभारंभ
बाल राधा-कृष्ण के रूप में बच्चों ने सभी का मन मोहा, कल होंगे सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के ऑडिशन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जमशेदपुर में हर ओर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बुधवार को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में सूर्य मंदिर समिति के तत्वाधान में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता का ऑडिशन संपन्न हुआ। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह एवं अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के संग द्वीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में जमशेदपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 150 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में नन्हें नौनिहालों के राधा कृष्ण का बाल रूप अद्भुत छटा बिखेर रहा था। बांसूरी बजाते बालकृष्ण एवं आकर्षक परिधान में सजी राधा रानी ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। मनमोहक प्रस्तुति के आधार पर 25 प्रतिभागियों का चयन फाइनल के लिए किया गया। ये सभी चयनित प्रतिभागी 4 सितंबर के फाइनल में आपस में प्रतिस्पर्धा करेंगे। सूर्य मंदिर समिति की ओर से प्रतिभागियों की अधिकतम उम्र सीमा 10 वर्ष तक तय की गई थी। वहीं, प्रतियोगिता में 11 माह से लेकर 10 वर्ष तक के बच्चे-बच्चियों ने सभी को अपने मनमोहक प्रस्तुति से आनंदित किया।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सह सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हमारी सनातन संस्कृति, संस्कार और जीवन मूल्यों का उत्सव है। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में प्रेम, आनंद, करुणा और नटखटपन का संगम देखने को मिलता है। आज इन नन्हे बच्चों में बाल राधा-कृष्ण के रूप में उसी दिव्य छवि के दर्शन हो रहे हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण बच्चों का उत्साह, संस्कार और संस्कृति से जुड़ाव है। श्री दास ने जन्माष्टमी महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना, पारिवारिक संस्कार और भारतीय परंपराओं के प्रति नई पीढ़ी के जुड़ाव को मजबूत करते हैं।
इस दौरान जज के रूप में सोनाली चटर्जी, डॉ रम्यता प्रफुल्ल, अरभ सागर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बालरूप में राधा कृष्ण की मनमोहक छवि को देखकर मौजूद दर्शक अभिभूत नजर आए और बाल-कृष्ण के नटखटपन की दर्शकों ने जमकर प्रशंसा एवं सराहना की। इस दौरान मंच संचालन प्रतियोगिता के प्रभारी गुंजन यादव ने किया।
इस अवसर पर सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता, सुशांत पांडा, कंचन दत्ता, शशिकांत सिंह, बंटी अग्रवाल, बोलटू सरकार, प्रेम झा, प्रमोद मिश्रा, कृष्णमोहन सिंह, मीरा झा, कृष्ण मोहन सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, दिनेश कुमार, राकेश सिंह, रंजीत सिंह, मिथिलेश साव, महावीर सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।

