JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी पर भाजपा का सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा सांसदों व विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रोजेक्ट भवन में मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
भाजपा ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखते हुए 48 घंटे में कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने JPSC और JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराने, छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज FIR तत्काल रद्द करने तथा परीक्षा प्रक्रिया में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा का आरोप है कि परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों ने करीब एक महीने तक शांतिपूर्ण आंदोलन किया, लेकिन उनकी आवाज दबाने के लिए मुकदमे दर्ज किए गए। पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न आदेशों का हवाला देते हुए छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की है।
भाजपा ने चेतावनी दी है कि 48 घंटे के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेश स्तर पर सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा।

