*30 किलो फफूंदयुक्त लड्डू नष्ट करवाया, स्वच्छता में कमी पर सुधार नोटिस जारी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को गम्हरिया क्षेत्र स्थित अजीत होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल में करीब 30 किलोग्राम बूंदी के लड्डू फफूंदयुक्त पाए गए। खाद्य सुरक्षा के लिहाज से इन्हें बिक्री के लिए अनुपयुक्त मानते हुए खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
निरीक्षण के दौरान होटल में स्वच्छता और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था में भी कमी पाई गई। इसके अलावा प्रतिष्ठान में कार्यरत कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं थे। विभाग ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए होटल संचालक को सुधार नोटिस जारी किया है।
संचालक को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने तथा खाद्य पदार्थों के भंडारण, गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने भविष्य में इस तरह की लापरवाही की पुनरावृत्ति नहीं होने की सख्त चेतावनी भी दी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा के साथ स्वच्छता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा है। प्रतिष्ठानों में नियमित सैनिटाइजेशन, कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और आवश्यक मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

