पुलिस पदाधिकारियों के मान-सम्मान और मांगों को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन का चरणबद्ध आंदोलन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों की लंबित मांगों और मान-सम्मान को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर विधायक जयराम महतो एवं उनके समर्थकों द्वारा बरवाअड्डा थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का उल्लेख करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में आरोपी विधायक की गिरफ्तारी, पुलिसकर्मियों के वर्दी एवं राशन भत्ते में बढ़ोतरी, विभिन्न भत्तों का पुनरीक्षण, पुलिसकर्मियों के दो बच्चों के लिए शिक्षा भत्ता और स्वास्थ्य भत्ता शामिल हैं। साथ ही नक्सल प्रभावित जिलों में लंबे समय से पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों के स्थानांतरण तथा निर्धारित समय पर पदोन्नति की मांग भी की गई है।
आंदोलन के तहत 8 से 11 सितंबर तक काला-बिल्ला लगाकर कार्य, 19 सितंबर को सामूहिक उपवास, 24 सितंबर को जिला स्तर पर धरना और 5 से 10 अक्टूबर तक छह दिनों के सामूहिक अवकाश का निर्णय लिया गया है। एसोसिएशन ने सरकार से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर समाधान की अपील की है।

