दिन में नेता, रात में चोर! सरकारी दफ्तरों में सेंधमारी करने वाले जीजा-साले गिरफ्तार, 50 लाख का सामान बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पलामू : नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने सरकारी संस्थानों में चोरी करने वाले जीजा-साले की जोड़ी को गिरफ्तार कर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नामुदाग निवासी अवधेश कुमार भुइयां और उसके साले अमोद भुइयां के रूप में हुई है। अवधेश पूर्व में जिला परिषद सदस्य रह चुका है।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के अनुसार, सूचना मिली थी कि अवधेश के घर में चोरी का सामान छिपाकर रखा गया है और उसे बेचने की तैयारी है। इसके बाद छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर नामुदाग गांव में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ।
बरामद सामान में 13 प्रिंटर, एसर लैपटॉप, ऑल-इन-वन कंप्यूटर, डेल व लेनोवो के सीपीयू, मॉनिटर, इन्वर्टर, 200 एएच बैटरी, होम थिएटर, लेमिनेशन मशीन, माउस और चार्जर समेत अन्य उपकरण शामिल हैं। पुलिस ने तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। पूछताछ में दोनों की संलिप्तता सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब बरामद सामान के स्रोत और आरोपियों के अन्य चोरी की घटनाओं से जुड़े होने की जांच कर रही है।

