JSSC ने इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 की रद्द
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने विज्ञापन संख्या 15/2023 एवं 16/2023 के तहत प्रस्तावित झारखंड इंटरमीडिएट स्तर (कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिंदी टंकण अहर्ता धारक पद) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द कर दिया है। आयोग ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की है।
आयोग के अनुसार, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार के पत्र संख्या-4919, दिनांक 29 जुलाई 2026 के माध्यम से दोनों विज्ञापनों से संबंधित सभी अधियाचनाएं वापस ले ली गई हैं। अधियाचनाएं वापस लिए जाने के बाद आयोग ने उक्त परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया।
इसके साथ ही विज्ञापन संख्या 15/2023 और 16/2023 के तहत प्रस्तावित नियुक्ति प्रक्रिया समाप्त मानी जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अब इन विज्ञापनों के आधार पर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। भविष्य में संबंधित पदों के लिए नई अधियाचना प्राप्त होने पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

