राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा। छोटानागरा थाना क्षेत्र के दूईया गांव में एक महिला को डायन बताकर उसकी हत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। 35 वर्षीय मंजू गोप का आरोप है कि गांव के ही राम गोप उर्फ जंतु गोप ने रास्ते में रोककर उनका गला दबाने की कोशिश की।
महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपी से संघर्ष किया और किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर जान बचाई। गला दबाने से उनकी गर्दन पर चोट के निशान आए हैं। पीड़िता ने पंचायत मुखिया को घटना की जानकारी दी और आरोपी के खिलाफ थाना में शिकायत की बात कही। घटना ने ग्रामीण क्षेत्र में फैले अंधविश्वास और डायन प्रथा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

