राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया।
संत कबीर सेवा संस्थान,गम्हरिया द्वारा संचालित संस्कारोदय एकेडमी रेसिडेंशियल स्कूल में रक्षाबंधन उत्सव हर्षोल्लास एवं सामाजिक जागरूकता के साथ मनाया गया। इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पेड़ों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और वृक्षों की रक्षा करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर बच्चों को पेड़ों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी के बारे में जागरूक किया गया। बच्चों ने भी पेड़ों की रक्षा करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस दौरान छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह एवं सुरक्षा के इस पवित्र पर्व को मनाया। इस मौके पर विद्यालय के निदेशक सह प्राचार्य डॉ. दिग्विजय भारत ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते की रक्षा का पर्व नहीं, बल्कि हमें प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा का भी संदेश देता है। पेड़ों को राखी बांधने का उद्देश्य बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इस कार्यक्रम में मोनिका कुमारी, सुनील सरदार, संगीता सतपुल, कौशल कुमारी, तुलिका घोष, मानस दास, सौरभ पाल समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्र- छात्राएं उपस्थित थे।

