1500 किलो जावा महुआ और 50 लीटर महुआ शराब जब्त, संचालकों पर केस की तैयारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ सरायकेला-खरसावां उत्पाद विभाग ने नीमडीह थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में झारखंड और पश्चिम बंगाल उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे लाकड़ी और चतरमा गांव में छापेमारी की।
आसूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने तीन अवैध चुलाई शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। मौके से करीब 1500 किलोग्राम जावा महुआ तथा 50 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद अवैध उत्पाद को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है।
उत्पाद विभाग के अनुसार, कार्रवाई सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित अवैध शराब कारोबार पर नियंत्रण के उद्देश्य से की गई। भट्ठियों के संचालकों की पहचान और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
विभाग ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अवैध शराब से जुड़ी किसी भी सूचना तत्काल प्रशासन या उत्पाद विभाग को देने की अपील की।

