बागबेड़ा पुलिस ने ज्वेलरी दुकान चोरी कांड का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित लाल बिल्डिंग में संचालित गोल्डेन ज्वेलरी नामक बंद दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए चांदी के आभूषण, वजन मापने की मशीन तथा घटना में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि20 अगस्त को गोल्डेन ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के गहने और वेट मशीन की चोरी कर ली थी। घटना के बाद बागबेड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट (38 वर्ष), निवासी गाराबासा तथा श्रीमंतो गोप उर्फ सुमंतो (55 वर्ष), वर्तमान निवासी गाराबासा गुदरी मार्केट के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में 36 चांदी के लॉकेट, 134 अंगूठियां, 6 मंगलसूत्र, 11 पान पत्ता, 9 पायल, 15 मोती की मालाएं, 3 चांदी की चेन, 13 राखियां, 2 चांदी के सिक्के, 1 बाजूबंद, 4 जोड़ी कान के टॉप्स, 4 चांदी के गदा, कान्हा की चांदी की बांसुरी, लक्ष्मी-गणेश की 6 मूर्तियां, 4 शंखा-पोला, 2 जोड़ी कड़े, घुंघरू सहित अन्य चांदी के सामान शामिल हैं।
इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त बोल्ट कटर, लोहे का सब्बल तथा दोनों वेट मशीन भी बरामद कर ली गई हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच कर रही है।

