
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के समक्ष व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने आवेदनों की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को मामलों का त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में यूडीआईडी कार्ड, पंजी-2 में ऑनलाइन प्रविष्टि एवं म्यूटेशन रिवीजन, प्रधानमंत्री आवास और अबुआ आवास निर्माण में विवाद के कारण आ रही बाधाओं से संबंधित शिकायतें सामने आईं। वर्ष 1984 के सिख दंगा पीड़ित परिवारों को क्षतिपूर्ति नहीं मिलने का मामला भी उठाया गया।
इसके अलावा जगन्नाथपुर पंचायत में वर्ष 2022-23 के भुगतान की जांच तथा नवज्योति स्कूल के समीप वर्ष 2018 में प्रस्तावित सड़क-नाली निर्माण अब तक पूरा नहीं होने से जलजमाव और कीचड़ की समस्या का मामला भी रखा गया। चौका-चाईबासा और कांड्रा-चांडिल मार्ग की जर्जर स्थिति में सुधार की मांग भी की गई।
चौका थाना क्षेत्र में जमीन की जबरन मापी और खरीद-बिक्री के लिए दबाव डालने की शिकायत के साथ आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड-1 में सड़क, नाली, पानी और रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग भी सामने आई। उपायुक्त ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

