गोलमुरी में डिवाइडर से फिर टकराया ट्रक, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित आकाशदीप प्लाजा के सामने मंगलवार को एक बार फिर सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार में जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गया। हादसे के बाद इलाके की सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आकाशदीप प्लाजा के सामने डिवाइडर से वाहनों के टकराने की यह पांचवीं घटना है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद मौके पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने को लेकर लोगों में नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि रात के समय इस हिस्से में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण वाहन चालकों को डिवाइडर स्पष्ट नजर नहीं आता। वहीं, डिवाइडर के सामने पर्याप्त रेडियम, रिफ्लेक्टर या हाई-विजिबिलिटी चेतावनी संकेत नहीं होने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
बार-बार एक ही स्थान पर हादसे होने के बावजूद यदि सड़क की खामियों को दूर नहीं किया जाता, तो यह महज वाहन चालकों की लापरवाही का मामला नहीं रह जाता। ऐसे में सड़क की डिजाइन, प्रकाश व्यवस्था और डिवाइडर की दृश्यता की भी जांच जरूरी हो जाती है।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने तथा डिवाइडर पर रेडियम, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि एक ही स्थान पर लगातार हादसे होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग कब जागेगा? क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है या समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा?
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसों की पुनरावृत्ति को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

