राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में फुल ड्रेस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास हुआ। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी ने परेड का निरीक्षण किया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
परेड में जिला सशस्त्र बल, सीआरपीएफ, गृह रक्षा वाहिनी, एनएपी और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सरायकेला की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। केजीबीभी सरायकेला व राजनगर की किशोरियों ने बैंड दल में भाग लिया।
उपायुक्त ने समारोह को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मौसम को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मैदान का समतलीकरण, वाटरप्रूफ स्टॉल, पार्किंग सहित अन्य तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। एसपी ने परेड में शामिल दलों के अनुशासन की सराहना करते हुए बेहतर समन्वय के साथ आयोजन सफल बनाने की अपील की।

