राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। कोवाली थाना क्षेत्र स्थित टाटानगर बादाम पहाड़ रेलखंड पर हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग में कोयला चोरी का धंधा बेरोकटोक चल रहा है।
जीआरपी सुरक्षा के अभाव में ऐसे तत्वों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है। कोयला चोरी का विरोध कर निजी कंपनी के सुरक्षा अधिकारी को कोयला चोरों ने हमला कर घायल कर दिया। घटना गुरुवार रात की है। इस रेलवे साइडिंग में दो निजी कंपनियों का रेलवे वैगन से कोयला, लौह अयस्क सहित अन्य खनिज आता है। मिली जानकारी अनुसार गुरुवार रात को ज्योंहि कोयला लदा रेलवे गुड्स ट्रेन स्टेशन के यार्ड में आया। आसपास क्षेत्र के कोयला चोरी सक्रिय हुए। कोयला चोरी रोकने गए सुरक्षा अधिकारी शैलेन्द्र दूबे पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में श्री दूबे घायल हो गए। सूचना पाकर कोवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायल को निजी नर्सिंग होम में इलाज कराया जा रहा है। घायल के बायीं आंख के नीचे चार टांके लगे हैं। चोरी पर अंकुश नहीं लगा तो भविष्य में यहां हिंसक झड़प की घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

