राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रभारी व प्रधानाध्यापकों द्वारा जिला शिक्षा अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपकर मदवार राशियों के अभाव में प्रधानमंत्री पोषणशक्ति निर्माण (मध्याह्न भोजना योजना) योजना प्रभावित होने के संबंध में ध्यान आकृष्ट कराया गया है। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया है कि सरस्वती वाहिनी संचालन समिति के बैंक खाते में विगत चार माह से राशि प्राप्त नहीं हुआ हैं। आवश्यकतानुसार राशि के अभाव में विद्यालयों में विषयोकित योजना (भोजन/ अण्डा-फल) के निर्वाध संचालन में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। चालू वित्त वर्ष में मदवार राशि की अत्यल्पता के बावजुद भी सरस्वती वाहिनी के अध्यक्ष व संयोजिकाओं द्वारा ऋण लेकर उक्त योजना का संचालन किया जा रहा है। बताया गया है कि वर्तमान में दुकानदार भी उधारी नहीं देना चाहते है तथा गैस एवं फल व सब्जी की खरीददारी नकद राशि से करनी पड़ती है। इस विपरीत परिस्थितियों में माता समितियों के द्वारा राशियों के अभाव में मध्याह्न भोजन योजना संचालन में असमर्थता व्यक्त की जा रही है। बताया गया है कि यदि शीघ्र मदवार आवश्यक रात्रि प्राप्त नहीं होती है तो अगस्त माह से पूरक पोषण आहार (अण्डा व फल) तथा आगामी 16 अगस्त से मध्याहन भोजन अर्थाभाव में बंद हो सकता है। शिक्षकों ने अविलंब उक्त मद की राशि उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ज्ञापन की प्रति उपायुक्त को भी प्रेषित की गई है।

