विश्व स्तनपान सप्ताह: टाटा मेन हॉस्पिटल में जागरूकता अभियान शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 1 अगस्त: विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के अवसर पर टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ भविष्य की शुरुआत स्तनपान से: जो कारगर है, उसे और मज़बूत करें” रखी गई है।
अभियान के तहत पूरे सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम, परामर्श सत्र, नुक्कड़ नाटक और सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्यकर्मियों ने स्तनपान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए नवजात को जन्म के तुरंत बाद मिलने वाले पहले दूध कोलोस्ट्रम के महत्व की जानकारी दी, जिसे शिशु का “पहला टीका” भी कहा जाता है।

टीएमएच ने बताया कि स्तनपान शिशु के पोषण, रोग प्रतिरोधक क्षमता और मानसिक-शारीरिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, वहीं यह माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। अस्पताल की प्रशिक्षित नर्सों की टीम गर्भावस्था और प्रसव के बाद माताओं को स्तनपान की सही तकनीक, शिशु को सही स्थिति में दूध पिलाने तथा इससे जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन प्रदान कर रही है।
अस्पताल प्रबंधन ने परिवारों, स्वास्थ्यकर्मियों और समाज से स्तनपान के अनुकूल वातावरण बनाने और प्रत्येक माँ को सहयोग देने की अपील की है, ताकि हर नवजात को जीवन की स्वस्थ शुरुआत मिल सके।

