समाहरणालय में 9 सेवानिवृत्त शिक्षकों को भावभीनी विदाई, जिला प्रशासन ने किया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर | पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समारोह में शिक्षा विभाग के 9 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान अधिकारियों ने शिक्षकों की वर्षों की निष्ठापूर्ण सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे मजबूत नींव होते हैं और उनका अनुभव हमेशा आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा। वहीं, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों का भी विकास करते हैं। समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक जूही रानी सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

